मुलाना। शाहाबाद-साढौरा राज्य मार्ग पर स्थित हल्का मुलाना के शेरपुर सुलखनी से जलूबी गांव तक लगभग 30 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग पर फाइनल लेयर डालने का कार्य शुरू हो गया है।
इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों को गड्ढों से राहत मिलने की उम्मीद है। दो-तीन महीने पहले इस मार्ग पर पहली लेयर डालकर मार्ग की विस्तारीकरण का काम शुरू किया था। इसमें कुछ स्थानों पर, विशेषकर डुलियानी और शेरपुर गांव के आसपास सड़क पर गड्ढे बनने लगे थे। विभाग ने तत्काल प्रभाव से पैचवर्क कर सड़क को अस्थायी रूप से सुधारने का प्रयास किया, लेकिन यह समाधान टिकाऊ साबित नहीं हुआ।
अब लोक निर्माण विभाग की ओर से इस पूरे मार्ग पर फाइनल लेयर का कार्य आरंभ कर दिया गया है, जिससे कि सड़क को स्थायी रूप से दुरुस्त किया जा सके। विभाग का कहना है कि यह कार्य तय मानकों के अनुरूप किया जा रहा है और इसका उद्देश्य इस प्रमुख मार्ग को पूरी तरह से गड्ढा मुक्त बनाना है।
तीन साल निर्माण कंपनी करेगी देखरेख
राज्य हाई-वे के निर्माण के बाद रख-रखाव की जिम्मेदारी निर्माण कंपनी की रहेगी। कंपनी को अगले तीन वर्षों तक इस मार्ग का रख-रखाव करना होगा। इस दौरान यदि सड़क पर किसी प्रकार की टूट-फूट या गड्ढे उभरते हैं, तो कंपनी को खुद उन्हें ठीक करना होगा जोकि वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है।
वर्जन
शाहबाद-सढ़ौरा-कालाआम्ब राज्य हाईवे की स्ट्रेंथिंग में फाइनल लेयर डाले जाने का कार्य जारी है। हलका मुलाना के अंतर्गत आने वाले राज्य हाईवे के करीब 30 किलोमीटर हिस्से पर यह कार्य किया जा रहा है। इसके पूरा होने से वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी।
तेजस शर्मा, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग।