अंबाला सिटी। शहर नारायणगढ़ मोड़ से लेकर मंडौर तक करीब 2.50 किलोमीटर का एरिया फोरलेन करने का काम शुरू हो गया है। सड़क को चौड़ा करने के लिए कार्य चल रहा है। यह परियोजना करीब छह माह में पूरा होने की उम्मीद है। फोर लेन रोड होने के बाद क्षेत्र का न केवल ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि लोगों को भी आवाजाही में सहूलियत होगी। इस परियोजना पर पिछले काफी समय से कार्य चल रहा है।
बीच में पेड़ कटाई और बिजली के पोल शिफ्ट न होने से कार्य लटक गया था जो अब चालू हो गया है। इस सड़क के फोरलेन होने से ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। बता दें कि यह रोड अंबाला से पंजोखरा होते हुए शहजादपुर और नारायणगढ़ की तरफ निकलता है। नारायणगढ़ मोड से लेकर मंडौर तक वाहनों की भीड़ ज्यादा रहती है। अभी सड़क के बीच डिवाइडर न हाेने से वाहन चालक अपने लेन में भी नहीं चलते। फोरलेन होने से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
अभी 33 फुट रोड, 60 फुट किया जाएगा चौड़ा
इस रोड की चौड़ाई अभी करीब 33 फुट है। फोरलेन होने के बाद यह करीब 60 फुट तक चौड़ा होगा। इस रोड के बीच में डिवाइडर भी बनेगा। साथ ही रोड की साइड में दोनों तरफ पानी निकासी के लिए नाला भी बनेगा और सड़क की साइड में इंटरलॉकिंग टाइल भी लगेगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 11.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शहर से नारायणगढ़ आने-जाने के लिए यह मुख्य रास्ता
नारायणगढ़ अंबाला जिला का कस्बा है। जिला मुख्यालय भी अंबाला शहर में है। ऐसे में लोगों को अपनी समस्या व अन्य कार्यों के लिए शहर आना पड़ता है। वहीं, अंबाला शहर से नारायणगढ़ आने-जाने के लिए यह मुख्य रास्ता है। इस कारण रोड पर काफी संख्या में वाहनों का दबाव रहता है। सबसे ज्यादा हालात बलदेव नगर से मंडौर गांव तक के खराब रहते हैं।
शहर के बलदेव नगर चौक से लेकर मंडौर तक आबादी और व्यावसायिक करण हो गया है। ऐसे में यहां रोड पर वाहनों की आवाजाही काफी बनी रहती है। यहां कई बार जाम तक की भी स्थिति बन जाती है। ऐसे में लोगों को यहां से निकलने में ज्यादा समय लगता है। इसी को देखते हुए इसे रोड को फोरलेन किए जाने का प्रोजेक्ट तैयार किया गया।
वर्जन
नारायणगढ़ मोड से मंडौर तक 2.50 किलोमीटर का एरिया फोरलेन होगा। इसके लिए कार्य भी शुरू हो गया है। करीब छह माह में कार्य पूरा होने की उम्मीद है। रोड के फोरलेन होने से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह प्रोजेक्ट करीब 11.50 करोड़ का है।
दलबीर सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर।