संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला। 8 से 12 नवंबर तक खड्गा स्पोर्ट्स स्टेडियम अंबाला कैंट में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया का दूसरे चरण (फिजिकल एवं मेडिकल) का आयोजन किया जाएगा। आर्मी भर्ती निदेशक ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में हरियाणा के अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला और चंडीगढ़ के वे पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं जो कि प्रथम चरण के कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन कॉमन परीक्षा में चयनित हुए हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 14 अक्तूबर को जारी कर दिए गए हैं। सभी उम्मीदवार भारतीय सेना की वेबसाइट पर अपनी लॉगइन आईडी से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में समस्या आती है तो वे मुख्यालय भर्ती कार्यालय अंबाला के जानकारी कक्ष में सुबह 10 बजे से दोपहर 14 बजे के बीच में संपर्क कर सकते हैं।