अंबाला। डिफेंस कॉलोनी सेक्टर-सी से पकड़ी गई दवा की अवैध फैक्टरी के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मंगुमास निवासी संजीव खरवार के रूप में हुई। बताया जाता है कि आरोपी अवैध दवा फैक्टरी चलाने वाले आरोपी संचालक को दवा बनाने वाली मशीन की डाई उपलब्ध करवाता था। हालांकि पंजोखरा पुलिस की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए छापामारी की लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी।
आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, इस मामले में पहले तीन आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं। बता दें कि 14 अक्तूबर को ड्रग व पुलिस विभाग की टीम ने डिफेंस कॉलोनी सेक्टर-सी में दवा बनाने की अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था।
इसमें करीब 1.10 लाख गोलियां व एक हजार टीके बरामद हुए। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर हेमंत ग्रोवर की शिकायत पर कॉपी राइट सहित 11 अलग-अलग धाराओं के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई गई। इस मामले में मुख्य आरोपी अवनीत सिंह सहित पुलिस ने दिल्ली व सोनीपत से 2 ओर आरोपी को काबू कर जेल भेज
दिया था। संवाद