नारायणगढ़। बरसुमाजरा गांव की लगभग 11.5 एकड़ भूमि पर गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक का निर्माण होगा। इसके 1 रुपये वार्षिक की दर से 33 साल की लीज पर हरियाणा तकनीकी शिक्षा विभाग को जमीन उपलब्ध करवा दी गई है। विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
अब जल्द ही इस भूमि पर सरकारी पॉलिटेक्निक का भवन बनेगा। इसका फायदा विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों छात्र व छात्राओं को मिलेगा जोकि तकनीकी ज्ञान प्राप्त करके रोजगार हासिल कर सकेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक) खोलने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
पूर्व विधायक ने की थी सीएम से मांग : पॉलिटेक्निक की मांग पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने गत 20 जनवरी को नारायणगढ़ अनाज मंडी में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री के सामने प्रमुखता से रखी थी। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की तकनीकी शिक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। संवाद