अंबाला। करोड़ों रुपये की लागत से छावनी में चल रही विकास परियोजनाओं की रफ्तार काफी धीमी है। इस कारण स्थानीय दुकानदारों सहित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक साल बीत जाने के बाद भी कबाड़ी बाजार की पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया है। वहीं, 12 क्राॅस रोड की पुलिया का बेस भी तैयार नहीं हो पाया है।
ऐसे में इन दोनों मुख्य पुलिया के तैयार होने में अभी कुछ ओर समय लग सकता है। हालांकि लोगों के लिए राहत की बात यह है कि कबाड़ी बाजार की पुलिया के एक तरफ का लेंटर डाल दिया गया है। उम्मीद जताई गई है कि आगामी दो से चार दिन में पुलिया का एक तरफ का हिस्सा आमजन के लिए खोला जा सकता है। लेकिन यह कार्य विभाग की जांच और सुरक्षा को देखकर ही किया जाएगा।
साढ़े छह करोड़ की परियोजना
अंबाला छावनी के संकरे सड़क मार्गाें को चौड़ा करने के मकसद से दो छोटी पुलिया के नवनिर्माण का खाका तैयार किया गया था। इसमें विजय रत्न चौक के पास पुलिया, कबाड़ी बाजार की पुलिया और 12 क्रॉस रोड की पुलिया शामिल है। विजय रत्न चौक सहित कबाड़ी बाजार की पुलिया पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जबकि 12 क्रॉस रोड की पुलिया के निर्माण का खर्च लगभग साढ़े तीन करोड़ है। इन तीनों पुलिया के तैयार होने से बाजारों में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी और वाहनों का आवागमन भी सुचारु ढंग से हो पाएगा।
नप ने जारी किया था नोटिस और चेतावनी
अंबाला छावनी में चल रही करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का निरीक्षण पिछले दिनों हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने किया था। उन्होंने सख्त निर्देश दिए थे कि सभी निर्माण कार्याें को जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इसके बाद नगर परिषद भी हरकत में आया था और उन्होंने पुलिया के निर्माण कार्य में लगी एजेंसी को नोटिस व चेतावनी जारी की थी। इसके बाद एजेंसी ने पुलिया के निर्माण में लगे कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी कर दी थी। वहीं कबाड़ी बाजार की पुलिया पर बेस तैयार करने के लिए मशीनों की भी मदद ली गई थी।
वर्जन
कबाड़ी बाजार की पुलिया का आधा लेंटर डल चुका है जोकि जल्द ही लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। 12 क्रॉस रोड पर पुलिया के निर्माण को लेकर भी कार्रवाई चल रही है। इसके बेस को तैयार करने का काम चल रहा है। इसके बाद सदर बाजार की पुलिया के निर्माण को शुरु करवाया जाएगा।
मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर, अंबाला।
अंबाला कैंट में 12 क्रॉस रोड पर पुलिया के निर्माण को लेकर चल रही बेस को तैयार करने की कार्रवाई।