हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने दी समाजशास्त्र की परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कक्षा 12वीं का शुक्रवार को समाजशास्त्र का पेपर हुआ। परीक्षा केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि जहां वस्तुनिष्ठ प्रश्न आसान आए, वहीं दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों ने लिखने में पसीने छुड़ा दिए।
सेट-सी में मार्केट और सोशल इंस्टिट्यूशन से जुड़े सवाल थोड़े घुमावदार थे, हालांकि पेपर पाठ्यक्रम के भीतर से ही था। 20 नंबर के बहुविकल्पीय प्रश्न करने में छात्रों ने जल्दी की, वहीं 6-6 नंबर के वर्णनात्मक उत्तर लिखने में छात्रों को काफी समय लगा। वहीं एमएन श्रीनिवास के संस्कृतिकरण और एडम स्मिथ के अदृश्य हाथ से जुड़े प्रश्न सीधे और अंक लेने वाले थे।
रट्टा मारने वाले के लिए रही मुश्किल : रमेश कुमार
राजकीय स्कूल कांवला के समाजशास्त्र के अध्यापक रमेश कुमार ने बताया कि इस बार का प्रश्नपत्र रट्टा मारने वाले विद्यार्थियों के लिए नहीं था। यह उन छात्रों के लिए बेहतर था, जिन्होंने समाजशास्त्रीय अवधारणाओं को गहराई से समझा। प्रश्नपत्र का ढांचा बहुत संतुलित था। इसमें सामाजिक परिवर्तन, औपनिवेशिक विरासत और वैश्विकरण जैसे महत्वपूर्ण अध्यायों को उचित स्थान दिया गया। समाजशास्त्र की परीक्षा में 38 प्रश्न पूछे गए थे। यह प्रश्न 80 अंकों के थे। परीक्षा के लिए छात्रों को तीन घंटे का समय दिया गया। इस बार परीक्षा में सुल्ताना का सपना और जनसंख्या घनत्व जैसे प्रश्न प्रमुखता से पूछे गए।
छात्र बोले- अच्छे अंक आने की उम्मीद
छात्र आर्यन ने बताया कि वस्तुनिष्ठ प्रश्न काफी सीधे थे। इनका आसानी से जवाब लिख दिया लेकिन छह अंकों वाले प्रश्न थोड़ा मुश्किल थे। उम्मीद है कि 80 में से अच्छे अंक प्राप्त होंगे।
छात्रा पूजा ने बताया कथन और कारण वाले प्रश्नों ने उन्हें उलझन में डाला था, इसके लिए उन्हें सोच-समझकर उत्तर लिखना पड़ा।
छात्र गौतम ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले प्रश्न सीधे थे। विशेषकर बाजार एक सामाजिक संस्था के रूप में और वैश्वीकरण के प्रभाव जैसे विषयों से काफी मदद मिली।