अंबाला सिटी। आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को अब वर्कर्स खेल और पोषण के साथ पढ़ाई भी कराएगी। इसके लिए निदेशालय की ओर से वर्कर्स के लिए प्रशिक्षण पुस्तकें नवचेतना और आधारशिला जारी की है। अब शून्य से लेकर तीन वर्ष तक के बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र से ही गणित की शिक्षा लेंगे।
इससे उन्हें परेशानी न हो। नए स्वरूप के तहत आंगनबाड़ी में आने वाले विशेष बच्चों के लिए भी सुविधा दी जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से सभी आंगनबाड़ी वर्कर्स का प्रशिक्षण भी शुरू कर दिया है। अभी तक विभाग की ओर से अंबाला के शहरी क्षेत्र में प्रशिक्षण पूरा कर दिया गया है। जिसके तहत 100- 100 आंगनबाड़ी वर्कर्स को प्रशिक्षण दिया है।
कई कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रशिक्षण
करीब 1100 आंगनबाड़ी वर्कर्स हैं तो वहीं 900 के करीब हेल्पर हैं। नए कोर्स के तहत सभी वर्कर्स और हेल्पर्स को इस कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण मिलने के बाद वर्कर्स बच्चों को कोर्स के अनुसार शिक्षा देंगी। कोर्स के अनुसार अब बच्चों को पोषण के साथ-साथ शिक्षा भी दी जाएगी। इन पुस्तकों में दिव्यांग और विशेष बच्चों के लिए भी जानकारी दी गई है। हालांकि अभी तक आंगनबाड़ियों में कोई विशेष बच्चा नहीं आया है।
स्कूलों से पहले मिलेगी मदद
इस कोर्स की मदद से बच्चों को औपचारिक शिक्षा दी जाएगी। इससे जब भी बच्चा स्कूल में भर्ती होगा तो उसे प्राथमिक स्तर का ज्ञान पहले से ही होगा। इससे बच्चों को आगे बढ़ने में भी मदद मिलेगी और आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे।
वर्जन
विभाग की ओर से निर्देशों के अनुसार ही प्रशिक्षण का कार्य किया जा रहा है। पहली 100 वर्कर्स को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जल्द ही ग्रामीण स्तर पर प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाएगा।
-मिक्षा रंगा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अंबाला।