अंबाला सिटी। कलाल माजरी स्थित एक खंडहर मकान के शौचालय में लटका मिला महिला के शव की पहचान मेरठ स्थित शताब्दी नगर की रहने वाली 37 वर्षीय बबीता के रूप में हो चुकी है। इसके बावजूद महिला की मौत की गुत्थी अभी अनसुलझी है। वहीं पुलिस यह भी पता नहीं लगा पाई है कि वह अंबाला में कैसे और किससे मिलने पहुंची थी और कलाल माजरी से उसका क्या नाता है। पुलिस फिलहाल इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने अब परिजनों को एक बार फिर मेरठ से अंबाला बुलाया है, ताकि उनसे बातचीत कर आगामी कार्रवाई की जा सके।
26 सितंबर को कलाल माजरी में खेड़ा वाली गली के पास एक महिला का शव गली-सड़ी हालत में पिछले करीब 10-12 दिन से एक खंडहर मकान के शौचालय में चुनरी से लटका मिला था। वहीं घटना का पता तब चला जब आसपास के लोगों को उस घर से बदबू आनी शुरू हुई। पड़ोसियों ने इसकी सूचना नगर निगम टीम को दी। जब नगर नगर टीम पहुंची तो देखा कि वहां महिला का शव फंदे से लटका हुआ है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त में जुट गई। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या करके ही शव को फंदे पर लटकाया गया है। वहीं पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला मेरठ से अंबाला कैसे पहुंची। इसके लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ कर गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है। महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।
यह बोले थे परिजन
शव लेने अंबाला पहुंचे परिजनों ने बताया था कि बबीता हाल ही में अपने पति और 13 व आठ वर्षीय दो बेटियों के साथ शताब्दी नगर में किराए के मकान में रह रही थी। लालकुर्ती में इनका मकान था। जर्जर हालत के चलते बबीता उसे ठीक करवाना चाहती थी। इसी वजह से बबीता कई बार उस मकान में आकर दो-तीन दिन बिताया करती थी। बबीता ने अपने पति व सास से उस मकान को ठीक करवाकर वहां शिफ्ट होने की बात भी कही थी। गत सोमवार को भी सुबह लालकुर्ती स्थित मकान में रहने के लिए आई थी लेकिन उसके बाद कई दिन तक नहीं लौटी। फिर उन्हें सूचना मिली कि उसका शव मिला है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे।
जल्दी रहस्य का पर्दाफाश हो जाए, इसके लिए विभिन्न एंगल पर जांच की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। महिला इस खंडहर मकान तक कैसे पहुंची, इस बात को जानना बहुत जरूरी है। जल्द गुत्थी सुलझ जाएगी।
-रामकुमार एसएचओ, थाना अंबाला सिटी।