अंबाला। गाड़ी साइड करने की मामूली सी बात पर करीब आधा दर्जन बदमाशों ने सिटी के प्रेम सत्यधाम मंदिर निवासी युवक की जमकर पिटाई की। लोहे की रॉड, डंडों से हमला करने के बाद बदमाश उसे अपनी एक्सयूवी गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए। फिर पिटाई करने के बाद रास्ते में फेंक चले गए। यह वारदात एक सीसीटीवी में भी कैद हो गई। पुलिस ने रवि की शिकायत पर निंदा, गुरमीत सिंह और सिमरन पर केस दर्ज कर लिया।
शहर के प्रेम सत्यधाम मंदिर निवासी रवि ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवरी करता है। दोस्त जोगीवाड़ा निवासी शशि कपूर उर्फ छोटू भी अपना 12 टायरी ट्राला चलाता है। 20 अगस्त को समय करीब एक बजे रात को वह और दोस्त शशि कपूर उर्फ छोटू राजपुरा से उसकी गाड़ी में अपने घर जाने के लिए सिटी आये थे। जैसे ही वह अंबाला सिटी के कालका पुल के पास पहुंचे तो एक्सयूवी गाड़ी ड्राइवर से दोस्त की बोलचाल हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया था। वह ट्रक मोटर मार्केट में खड़ा करके जोगीवाड़ा की तरफ पैदल-पैदल चल दिए तो रास्ते में मोहल्ले के रहने वाले
सिमरन ने पूछा की उनकी निंदा से क्या बात हुई है। इतने में एक्सयूवी गाड़ी में आधा दर्जन युवक आए और डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। वह मौके से भाग लिए, लेकिन पीछा कर रहे हमलावरों ने विश्वकर्मा रोड पर पकड़ लिया और जमकर पिटाई करते हुए गंभीर रूप से चोटिल कर दिया। जबरन गाड़ी में डालने के बाद वह मनमोहन नगर ले गए और वहां मारपीट करने के बाद परम सत्यधाम मंदिर के सामने फैंक चले गए। धमकाया कि अगर पुलिस को शिकायत की तो जान से मार देंगे।