अंबाला सिटी। एक सप्ताह बाद भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार को मौसम बदला तो लोगों को उम्मीद थी कि बारिश आएगी। सुबह के समय आंधी और बादल छाने के कारण एक समय तो अंधेरा छा गया, मगर इसके कुछ देर बाद ही मौसम सामान्य हो गया और तेज धूप निकल आई। धूप निकलने से गर्मी एक बार फिर बढ़ गई। हालांकि, अन्य दिनों की अपेक्षा दिन का तापमान चार डिग्री कम हो गया। शुक्रवार को दिन के समय 41.8 डिग्री सेल्सियस तो रात्रि तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर गर्मी के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सलाह जारी की है।
बाॅक्स
24 तक मौसम शुष्क रहने की संभावना
हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा लू के संबंध में चेतावनी जारी की गई है। इसको देखते हुए उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जिले के सभी संबंधित विभागों को सचेत किया है। आगामी दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग के द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 24 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले दिनों के दौरान तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ स्थानों पर हीट वेव (लू) चलने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, बिजली, नगर निकाय, श्रम विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था करने के निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों, बस अड्डों, बाजारों, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक से संबंधित दवाइयों, बेड तथा चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है। उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी अथवा छाते से ढकें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने कहा कि अधिक मात्रा में पानी, ओआरएस, छाछ, नींबू पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
बाॅक्स
गर्मी से बचने को यह करें
क्या करें-
- अधिक से अधिक पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करें।
- घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें।
- हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें।
- नींबू पानी, छाछ एवं फलों के रस का सेवन करें।
- बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
- धूप में कार्य करने वाले लोग समय-समय पर छाया में आराम करें।
- शरीर में कमजोरी, चक्कर या अत्यधिक प्यास महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
बाॅक्स
गर्मी में यह न करें
- दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलें।
- खाली पेट घर से बाहर न जाएं।
- अधिक गर्म एवं बंद वाहनों में बच्चों या बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें।
- अत्यधिक गर्मी में ज्यादा मेहनत वाले कार्य लगातार न करें।
- शराब, अत्यधिक चाय, कॉफी एवं कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का अधिक सेवन न करें।
- खराब या खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।
- शरीर में तेज बुखार, उल्टी, बेहोशी या सांस लेने में दिक्कत होने पर लापरवाही न बरतें।