अंबाला सिटी। नगर निगम की रेंट ब्रांच में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। सरकारी रिकॉर्ड के साथ पेंसिल और रबड़ का खेल खेलकर करीब दो करोड़ रुपये के रबड़-रसीद घोटाले को अंजाम दिया गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर शक्ति रानी शर्मा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। घोटाले की परतें तब खुलीं जब दुर्गा मार्केट के एक दुकानदार ने मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के तहत अपनी फाइल जमा की।
फाइल में 4.50 लाख रुपये के रेंट भुगतान की रसीद लगी थी, जो जांच में फर्जी पाई गई। असल में वह रसीद साल 2021 की मात्र 814 रुपये की प्रॉपर्टी टैक्स रसीद थी, जिसमें छेड़छाड़ कर उसे 2024 की रेंट रसीद बना दिया गया था।