संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को बेहद शुभ माना जाता है। हालांकि बाजार में निवेश के लिए कई डिजिटल और वित्तीय विकल्प मौजूद हैं, लेकिन परंपरा, शगुन और आभूषण पहनने की चाहत के आगे इस बार भी सराफा बाजार में भौतिक आभूषणों की ही मांग सबसे अधिक देखी जा रही है। उत्सव के माहौल में आभूषण खरीदना ही ग्राहकों के लिए सबसे बेहतर और व्यावहारिक विकल्प साबित हो रहा है।
धनतेरस के लिए हो चुकी है आभूषणों की अग्रिम बुकिंग
सराफा कारोबारी राकेश ने बताया कि जिस ग्राहक को आभूषण पहनने हैं या जिन्हें 5 से 10 ग्राम की चेन या अन्य गहने उपयोग में लेने हैं। उनके लिए आभूषण खरीदना ही सबसे बेहतर है। उन्होंने कहा कि धनतेरस पर खरीदारी का अलग महत्व होता है। जिनके पास अतिरिक्त पूंजी होती है, वह डिजिटल विकल्प या सिक्के चुनते हैं। इस बार धनतेरस के लिए आभूषणों की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है और ग्राहक शुभ मुहूर्त पर अपने पसंदीदा गहने घर ले जाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
उपहार देने और भावनात्मक जुड़ाव के लिए आभूषण को प्राथमिकता
ज्वैलर श्रीकांत ने बताया कि भारतीय परिवारों में आज भी आभूषणों के प्रति गहरा आकर्षण और भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि डिजिटल विकल्पों में जहां कागजी कार्रवाई की औपचारिकताएं होती हैं, वहीं आभूषण एक मूर्त और तुरंत इस्तेमाल योग्य उपहार हैं। बेटी का जन्मदिन हो, शादी-विवाह हो या कोई अन्य मांगलिक अवसर, आभूषण ही सबसे खूबसूरत और यादगार तोहफा बनते हैं। डिजिटल सोने को इस तरह किसी को भेंट नहीं किया जा सकता। यही वजह है कि इस धनतेरस पर आभूषणों की खरीदारी ही ग्राहकों की पहली और सबसे पसंदीदा पसंद बनी हुई है।