अंबाला सिटी। मार्च का महीना शुरू होते ही बिजली निगम की तैयारी भी शुरू हो गई है। बिजली निगम की ओर से उन क्षेत्र पर फोकस किया जा रहा है, जहां गर्मी के सीजन में फीडर ओवरलोड होने से बिजली कट लगते हैं।
अब बिजली निगम उन क्षेत्र के फीडर का आधा लोड करेगा। इन फीडर से बिजली मिलने वाले आधे उपभोक्ताओं को दूसरा नया फीडर लगाकर वहां से बिजली दी जाएगी। शहर की बात करें तो एचएसवीपी, वाटर वर्कर्स, जगाधरी गेट और मॉडल टाउन फीडर से लोड को कम किया जाएगा। इन फीडर के अलावा नए फीडर लगाए जाएंगे। बिजली निगम एचएसवीपी और वाटर वर्कर्स फीडर का कार्य मार्च माह और जगाधरी गेट व मॉडल टाउन फीडर का कार्य 30 अप्रैल तक पूरा करेगा। इससे शहर के करीब 20 हजार उपभोक्ताओं को गर्मी में राहत मिलेगी।
दूसरा फीडर लगाने में 48 लाख होंगे खर्च ः एचएसवीपी फीडर ओवरलोड चल रहा है। अभी यहां से सोनिया कॉलोनी, मोती नगर, बादशाही बाग, कोर्ट रोड, डीसी कांप्लेक्स सहित अन्य क्षेत्र चल रहे हैं। इस फीडर का लोड दूसरे फीडर पर अलग कर चलाया जाएगा। फीडर को अलग करने में निगम करीब 48 लाख खर्च करेगा। यह कार्य मार्च माह में पूरा होने की उम्मीद है।
वाटर वर्कर्स फीडर से 70 लाख में दूसरा फीडर होगा तैयार ः वाटर वर्कर्स फीडर का लोड भी कम किया जाएगा। इसके साथ ही दूसरा फीडर तैयार किया जाएगा। जहां इस फीडर का आधा लोड चलाया जाएगा। नया फीडर खींचने में करीब 70 लाख का बजट खर्च होगा। इसको लेकर वर्कऑर्डर हो चुका है। इसका कार्य मार्च माह के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।
जगाधरी गेट के क्षेत्र में भी मिलेगी राहत ः गर्मी के सीजन में जगाधरी गेट क्षेत्र में बिजली कट लगने से ज्यादा शिकायत रहती है। इस क्षेत्र में भी जगाधरी गेट फीडर को अलग किया जाएगा। इसके साथ ही नया फीडर लगाया जाएगा। बिजली निगम ने नया फीडर लगाने को लेकर वर्क अलॉट कर दिया है। इस फीडर के कार्य पर करीब 85 लाख का बजट खर्च होगा। यह कार्य 30 अप्रैल तक पूरा हो सकता है।
95 लाख से मॉडल टाउन में बनेगा नया फीडर ः मॉडल टाउन फीडर से शहर के गीता नगरी, ट्रक मार्केट, मॉडल टाउन सहित अन्य क्षेत्र में बिजली चल रही है। यह फीडर भी गर्मी में ओवरलोड हो जाता है। इस फीडर को भी बिजली निगम अलग करेगा। इस फीडर से दूसरा फीडर खींचने में करीब 95 लाख रुपये का बजट खर्च होगा। निगम इन नए फीडर को अभी नाम देगा। गर्मी के सीजन में इन नए फीडर से ही शहर के कई क्षेत्र में बिजली सप्लाई होगी।