अंबाला। पुराना एनएच-73 पर शहजादपुर बाईपास के निर्माण कार्य और 4 स्पैन वाले हाई लेवल पुल के प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासन ने सुध ले ली है। लोक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रिकल विंग ने शहजादपुर नदी पर चल रहे पुल निर्माण के रास्ते में आ रही 66 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन को ऊंचा उठाने के लिए निविदा जारी की है।
विभाग द्वारा जारी निविदा के अनुसार, इस पूरे इलेक्ट्रिकल कार्य की अनुमानित लागत 90,05,878 रुपये तय की गई है। इसके लिए 5,000 रुपये की निविदा फीस और 1,000 रुपये प्रोसेसिंग फीस निर्धारित की गई है।
अंबाला इलेक्ट्रिकल डिविजन के कार्यकारी अभियंता नवीन राठी ने बताया कि इस निविदा की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जाएगी। ऑनलाइन बोली जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर तय की गई है। वहीं तकनीकी एवं वित्तीय बिड खोलने का समय 10 नवंबर का ही रखा गया है।
निविदा आवंटित होने के बाद ठेकेदार को 240 दिनों यानि 8 महीने के भीतर काम पूरा करना होगा।