मुलाना। मुलाना विधायक पूजा ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए प्रदेश सरकार से नदियों की खोदाई और नालों की सफाई का काम जल्द पूरा करने की मांग की है। विधायक ने पिछले वर्षों में बाढ़ के कारण हुए जान-माल के नुकसान का हवाला देते हुए सरकार को समय रहते सतर्क होकर नालों की सफाई व नदियों की खोदाई का काम युद्धस्तर पर करने की बात कही।
विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में मानसून सीजन के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं उत्पन्न होती है।हर वर्ष बरसात के मौसम में कई इलाकों में नालों की सफाई न होने और नदियों में गाद जमा होने के कारण जल निकासी बाधित हो जाती है, जिससे गांवों और शहरों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। इससे आमजन, किसानों और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। सरकार की ढिलाई के कारण पिछले सालों में बाढ़ से किसानों की फसलें बर्बाद हुईं और आम जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ा। सरकार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करके यह सुनिश्चित करना चाहिए कि काम कागजों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर हो।प्रशासन को चाहिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों, ड्रेनों और नदियों की सफाई एवं खोदाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।