संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। राजकीय मॉडल संस्कृति और निजी स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड की 10वीं व 12वीं परीक्षाओं को लेकर तैयारी चल रही है। इन परीक्षाओं को लेकर स्कूलों में रिवीजन भी करवाई जा रही है और परीक्षाओं में आए बदलाव को लेकर भी पाठ्यक्रम को पढ़ाया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों विषयों की तैयारी अच्छे से कर सकें। जनवरी माह में स्कूलों में मूल्यांकन परीक्षाएं होंगी और फरवरी माह में लिखित परीक्षा करवाई जाएगी।
पाठ्यक्रम को ध्यान से पढ़ें
भूगोल रटने का नहीं बल्कि समझने का विषय है। भूगोल में अच्छे अंक के लिए बच्चे पिछले पेपर को भी रिवाइज कर सकते हैं। पाठ्यक्रम को ध्यान से पढ़े। जितना पाठ्यक्रम अच्छे से पढ़ा होगा, उतने ही अच्छे अंक आएंगे। भूगोल, विविध वातावरण, स्थानों, क्षेत्रों एवं पृथ्वी की सतह और उनके बीच होने वाली परस्पर क्रियाएं से संबंधित है। यह इस सवाल का जवाब खोजने का प्रयास करता है कि चीजें कैसी हैं क्यों हैं और कहां हैं।
डॉ. अजेंद्र, पीजीटी भूगोल।
पांच खंड में विभाजित होगा पेपर
गणित की परीक्षा में 40 प्रतिशत प्रश्न ही दक्षता पर आधारित प्रश्न आते थे। इस बार 50 प्रतिशत प्रश्न दक्षता पर आधारित होंगे। गणित विषय में 80 अंक की लिखित परीक्षा होगी। इसमें 20 अंक की आकलन परीक्षा होगी। परीक्षा में कुल 38 प्रश्न होंगे। पांच खंड में पेपर विभाजित होगा। पहले खंड में बहु-विकल्पीय प्रश्न होंगे। यह 20 अंक का खंड होगा। दूसरे खंड में दो अंक के पांच प्रश्न होंगे। तीसरे खंड में तीन अंक के छह प्रश्न होंगे। दूसरे और तीसरे खंड में सीबीएसई एक प्रश्न को करने में विकल्प देती है। चौथे खंड में पांच अंक के चार प्रश्न होंगे। इस खंड में भी एक प्रश्न में विकल्प दिया जाएगा। पांचवें खंड में चार अंक के तीन प्रश्न होंगे। यह वास्तविक या काल्पनिक परिस्थितियों पर आधारित प्रश्न होगा। हर प्रश्न में एक विकल्प दिया जाएगा।
- दीपक मित्तल, पीजीटी गणित।
परीक्षा की तैयारी... दीपक मित्तल, पीजीटी गणित।