अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन पर हुई मारपीट आपसी गैंगवार में हुई थी जोकि पिछले काफी समय से वालिया गैंग और लेफ्टी गैंग में चलती आ रही है जोकि अंबाला सिटी से संबंधित हैं। यह खुलासा बुधवार को जीआरपी की पूछताछ से हुआ है।
इसमें पंचकूला में उपचाराधीन लेफ्टी गैंग के गुर्गे अभिषेक ने ऐसे खुलासे किए,जिससे जीआरपी की जांच टीम भी हैरान हो गई।वहीं पंचकूला में भी घायल के ईद-गिर्द सुरक्षा का घेरा मजबूत कर दिया गया है। जबकि जीआरपी भी मामले पर नजर रखे हुए है ताकि आरोपियों की धरपकड़ की जा सके।
चल रहे कई मुकदमे
पंचकूला में उपचाराधीन अभिषेक भी शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ भी संगीन अपराधों के तहत तीन से चार मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वहीं उससे मारपीट करने वाले राहुल वालिया, शरीफ उर्फ साहिल राठौड़ सहित अन्य पर भी आठ से 10 मुकदमे दर्ज हैं।
यह है पूरा मामला
घटना 23 सितंबर रात 12:30 बजे की है। जब अभिषेक अपने दोस्तों रोहित, निशांत और सौरव कुमार के साथ माता वैष्णो देवी कटरा से अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। तब घात लगाकर खड़े राहुल वालिया, शरीफ उर्फ साहिल राठौर, मिट्ठु उर्फ वैभव, रुद्र प्रताप आदि ने उस पर हमला कर दिया। जब अभिषेक अपनी जान बचाने के लिए रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट से अंदर भागने की कोशिश कर रहा था तो पहले से ही मौके पर खड़े वालिया गैंग के गुर्गों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करते हुए घसीटकर गाड़ी तक लाए और उसका अपहरण करके फरार हो गए। वहीं अभिषक को कमरे में उन्होंने नंगा करके पीटा और उसकी वीडियो भी बनाई। वहीं उसका मोबाइल, पर्स व एटीएम कार्ड भी छीन लिया। इसके बाद उसे अधमरी हालत में पंचकूला के सेक्टर छह स्थित नागरिक अस्पताल के बाहर फेंककर चले गए।
वर्जन
पंचकूला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन अभिषेक के बयान दर्ज किए गए और उसे सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई गई। उसने तीन से चार आरोपियों की पहचान कर ली है। वहीं यह भी सामने आया है कि यह दो ग्रुप में गैंगवार से जुड़ा मामला है। इसमें वालिया और लेफ्टी गैंग का नाम सामने आया है। घायल की सुरक्षा के लिए कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।
धर्मवीर सिंह, प्रभारी जीआरपी अंबाला।