माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। टांगरी नदी में पहाड़ों से आए अत्यधिक पानी से छावनी का इंडस्ट्रियल एरिया बुरी तरह प्रभावित रहा। एक महीने तक उद्योग संचालकों के उद्योग ठप पड़े रहे। उनके पुराने ऑर्डर समय पर न भेज पाने के कारण रद हो गए। इसके बाद जैसे-तैसे उद्योग संचालकों ने काम शुरू किया उम्मीद थी कि सरकार से कुछ राहत मिलेगी।
बाढ़ के हालातों को खत्म हुए दो माह से अधिक का समय हो गया है, अभी तक सरकार ने उद्योग संचालकों की मांग पर कोई कार्यवाही नहीं की है। इस बीच दीपावली का त्योहार भी संचालकों को राहत नहीं दे सका। जिन बड़े उद्योग संचालकों ने अपनी फैक्टरी को बीमित कर रखा था उन्हें कुछ प्रतिशत के नुकसान के साथ भरपाई मिल रही है मगर अभी भी ऐसे कई संचालक हैं जिनके पास कोई बीमा नहीं था उनके बारे में कोई चर्चा नहीं है। ऐसे में उद्योग संचालक हताश हो गए हैं।
रिटेनिंग दीवार पर भी नहीं शुरू हुआ काम : बाढ़ जैसे हालात बनने के बाद एचएसआईआईडीसी को यहां से पानी निकालने में एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ गया था। तब विभागीय अधिकारियों द्वारा कहा गया था कि पानी निकलने के कुछ सप्ताह बाद ही औद्योगिक क्षेत्र के चारों तरफ दीवार बनाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। इस दीवार का डिजायन आईआईटी रुड़की द्वारा तैयार कराया गया है। मगर अक्तूबर भी पूरा निकल गया अभी तक धरातल पर काम नहीं शुरू हो सका है। ऐसा ही वर्ष 2023 में आई बाढ़ के बाद देखने को मिला था, तब भी विभाग ने योजना तो बना ली मगर दीवार बनाने का काम टेंडर में ही उलझा रहा।