अंबाला के अधीन मोहड़ा में स्थित सरकारी प्रशिक्षण केंद्र। फाइल फोटो
अंबाला। नई शिक्षा नीति पर ज्ञान देने के लिए विभाग ने शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत सभी स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) और प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) अध्यापकों को ज्ञान दिया जाएगा ताकि वो अपने-अपने विषय में माहिर हो सकें। इस अभियान के तहत शिक्षकों को बच्चों को शिक्षित करने और विषय से जुड़ी मुख्य बातों पर मंथन होगा। इस दौरान शिक्षकों से यह भी पूछा जाएगा कि उन्हें शिक्षण कार्य के दौरान किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है और वो इन खामियों को दूर करने के लिए किस प्रकार का सुधार चाहते हैं।
पीजीटी और टीजीटी शिक्षकों को उनके मूल शैक्षणिक विषयों जैसे, हिंदी, पंजाबी, संस्कृत, गणित, अंग्रेजी सहित अन्य संकाय में माहिर करने के लिए प्रशिक्षण शुरु कर दिया गया है। इसकी शुरुआत रामबाग रोड स्थित जीएसएसएसएस स्कूल से की गई है। यहां शुक्रवार को पंजाबी सहित कला के अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा अन्य विषयों से संबंधित प्रशिक्षण अंबाला खंड के अधीन मोहड़ा डाइट में सोमवार से आरंभ कर दिया जाएगा ताकि विषय ज्ञान के साथ अध्यापक बच्चों को पढ़ाने की गतिविधियां का ज्ञान प्राप्त कर सकें।
इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों को ज्ञान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेषज्ञों द्वारा उन्हें वो बारीकियां समझाई जाती हैं जोकि शिक्षण के दौरान बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अहम योगदान देती हैं।
- सुधीर कालड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला