- पूछताछ में स्वीकार किया अपराध, दोनों को भेजा गया जेल
संतान नहीं होने के कारण आया लालच
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन से सात वर्षीय बच्चे का अपहरण करने के आरोपी दंपती को जीआरपी ने मेडिकल करवाने के बाद अदालत में पेश किया। कोर्ट के आदेशानुसार दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जीआरपी ने सोमवार रात ही दंपती के खिलाफ अपहरण के सजा की धारा 137(2) और सामान्य आशय द्वारा किए गए अपराध की धारा 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपी यूपी के बहराइच जिला, तुलसी रामपुरा गांव निवासी विष्णु और उसकी पत्नी पूजा हैं।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी दंपती ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि उनकी अपनी कोई संतान नहीं है। स्टेशन पर अकेले बच्चे को देखकर उन्हें लालच आ गया। उनकी योजना बच्चे को किसी दूर-दराज क्षेत्र में ले जाकर उसका पालन-पोषण करने की थी, लेकिन आरपीएफ की सतर्कता से वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
बच्चे के रोने से खुला राज
वारदात के बाद दंपति बच्चे को लेकर राजपुरा रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। वहां बच्चे को लगातार रोता देखकर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मचारी को शक हुआ। जब कर्मचारी ने दंपति से पूछताछ की तो वे बच्चे को अपना बताने लगे, लेकिन बच्चे ने साफ कह दिया कि ये उसके माता-पिता नहीं हैं। इसके बाद सख्ती से पूछने पर दंपति ने सच्चाई उगल दी। सूचना मिलने पर अंबाला जीआरपी की टीम सोमवार शाम राजपुरा पहुंची और दंपति को हिरासत में लेकर अंबाला लाई।
खानाबदोश है दंपती
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी दंपति खानाबदोश है और उनका कोई पक्का ठिकाना नहीं है। यदि समय रहते राजपुरा स्टेशन पर आरपीएफ उन्हें काबू न करती, तो बाद में उन्हें तलाश पाना बेहद मुश्किल हो जाता। फिलहाल कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।