अंबाला। सीवर पाइप डालने के बाद सड़क को कंडम हालत में छोड़कर ठेकेदार लापता हो गया। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को झेलना पड़ रहा है। ये हालात वार्ड नंबर 16 के अधीन लाजवंती कॉलोनी के हैं।
टूटी गलियों और सड़कों में गिरकर बच्चे और बुजुर्ग घायल हो रहे हैं। नगर परिषद में शिकायत देने के बाद भी हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। स्थानीय निवासी एसडी चड्ढा, डीपी गुलाटी, ओंकार सिंह, दीपक अग्रवाल, बलजीत ओबरॉय और केके चड्ढा ने बताया कि लगातार खस्ता हो रही सड़क की हालत को दुरुस्त करने के लिए दर्जनों बार शिकायत दे चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हो रहा।
बीच में छोड़ा काम
कॉलोनीवासियों ने बताया कि अभी कुछ दिन पहले भूमिगत सीवर पाइप डालने का काम शुरू किया था। ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर चला गया। गली की सड़क टूटने से घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में न तो वाहन निकल पा रहे हैं और न ही छोटे बच्चे खेलने के लिए गली में आ पा रहे हैं। इन हालातों के बीच वे घर में कैद होकर रह गए हैं।
मनमर्जी से हो रहा काम
छावनी में विकास कार्याें की झड़ी तो लग गई है, लेकिन बिना योजना के किए जा रहे विकास कार्य स्थानीय लोगों के गले की फांस बन गए हैं। कार्य के दौरान न तो नगर परिषद के अधिकारी मौके पर आकर हालात देखते हैं कि काम गुणवत्ता पूर्ण तरीके से नियमों के तहत हो रहा है या नहीं। लेकिन किसी को कोई परवाह नहीं है। ठेकेदार जब चाहे काम शुरु कर देता है और जब चाहे काम बंद कर देता है। इसलिए समय पर काम पूरा नहीं हो पाता और इसकी परेशानी लोगों को झेलनी पड़ती है।
जवाबदेही हो तय
विजय वासन, गौरव कनौजिया, माणिक धीमान ,कार्तिक धीमान, सूरज चड्ढा, गीता, शकुंतला, बानी, हर्ष चड्ढा ने बताया कि विकास कार्यों को शुरु करने से पहले गली-मोहल्ले में सूचना बोर्ड लगाना चाहिए कि कितनी लागत से काम शुरु हुआ है और कब तक काम पूरा होगा। इस सूचना बोर्ड पर संबंधित विभागीय अधिकारी का मोबाइल नंबर और ठेकेदार की भी जानकारी अंकित होनी चाहिए ताकि लोग इन बुरे हालातों में उनसे संपर्क कर सकें। लेकिन किसी की भी जवाबदेही तय नहीं है। जबकि लोगों ने वार्ड स्तर पर जनप्रतिनिधियों को भी चुन लिया है।
वर्जन
वार्ड स्तर पर कार्य की जिम्मेदारी पार्षद को सौंपी गई है। अगर फिर भी कहीं कोई समस्या है तो इसका समाधान करवाया जाएगा। स्थानीय निवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
स्वर्ण कौर, अध्यक्ष, नप सदर।
अंबाला छावनी के वार्ड नंबर 16 की लाजवंती कॉलोनी के वासी समस्या की जानकारी देते हुए। संवाद- फोटो : संवाद