अंबाला। जिले में अब ऑक्सीजन की कमी से किसी भी मरीज की जान नहीं जाएगी। इसके लिए जिला नागरिक अस्पताल में कंसंट्रेटर प्लांट लगाया जाएगा। इसकी तमाम प्रक्रिया पूरी कर ली गई हैं। अंबाला सहित कुल छह जिलों में यह प्लांट लगाए जाएंगे। इनमें अंबाला के अलावा पंचकूला, कैथल, पानीपत और हिसार सहित एक अन्य जिले में यह व्यवस्था की जानी है।
दरअसल भारत सरकार ने पहल करते हुए प्रदेश के छह जिलों में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट लगाने की अनुमति दी थी। इसके लिए एक कंपनी को टेंडर भी अलॉट कर दिया गया है। इन जिलों में नागरिक अस्पताल में इस प्लांट को लगाने के लिए जगह सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए गए थे। इसी प्रक्रिया के तहत अंबाला शहर जिला नागरिक अस्पताल में ट्रामा सेंटर के पीछे इस प्लांट को लगाने के लिए एक बूथ स्थापित कर दिया गया है। इस पर करीब पांच लाख रुपये खर्च आया है। यहीं पर यह ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट लगाया जाएगा।
बता दें कि जिला नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन के 160 प्वाइंट सुनिश्चित किए गए हैं। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट लगने से जिला स्वास्थ्य विभाग ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर होने की तरफ कदम बढ़ा देगा। बता दें कि इस समय जिले में करीब 50 से ज्यादा मरीज ऑक्सीजन और वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।
क्या है ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट
दरअसल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट साधारण हवा को कंसंट्रेट कर उसे शुद्ध ऑक्सीजन में तब्दील कर देगा। ऑक्सीजन कंसंट्रेट प्लांट से 93 प्रतिशत शुद्ध ऑक्सीजन बन सकेगी। हवा को कंसंट्रेट कर यह प्लांट के जरिए 200 किलोलीटर के टैंक में भरी जाएगी। इसके बाद ये ऑक्सीजन पाइप लाइन के माध्यम से जिस भी बेड पर आवश्यकता होगी उसी पर पहुंचाई जाएगी। बता दें कि जिला स्वास्थ्य विभाग ने हरियाणा सरकार से 300 और भारत सरकार से 500 बड़े ऑक्सीजन सिलिंडर की डिमांड भी कर दी है, ताकि किसी भी विकट परिस्थिति में ऑक्सीजन की कमी न हो। इसके अलावा अंबाला छावनी में पांच हजार किलोलीटर का प्लांट भी लगा हुआ है।
एक ऑक्सीजन सिलिंडर 250 रुपये तक में भरता है
बाजार में एक ऑक्सीजन सिलिंडर भरवाने के लिए 200 से 250 रुपये लगते हैं। ऑक्सीजन सिलिंडर बाजार में खरीदारी पर नहीं मिलता है, बल्कि किराए पर लेना पड़ता है और एक बड़ा सिलिंडर लेने पर 8 हजार रुपये और छोटा सिलिंडर लेने पर 5 हजार रुपये एडवांस जमा कराने पड़ते हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलिंडर को भरवाने के लिए लाने और ले जाने में अधिक कर्मचारियों की आवश्यकता पड़ती है। इस तरह से भारी परेशानियों का सामना टीम को करना पड़ता है, लेकिन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट चालू होने के बाद ऐसी दिक्कतों में कमी आ जाएगी।
अंबाला सहित प्रदेश के छह जिलों में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट लगाने की पहल केंद्र सरकार ने की थी। इसके लिए हमें जगह उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया था। वह हमने करवा दी है। इसी सप्ताह के भीतर इस ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट की शुरुआत कर दी जाएगी। ऐसा उच्चाधिकारियों ने विश्वास दिलाया है। इस प्लांट की क्षमता करीब 200 किलोलीटर होगी और यह हवा से ऑक्सीजन कंसंट्रेट करेगा। निश्चित तौर पर इससे हम ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर होंगे।
- डॉ. सुखप्रीत सिंह, नोडल अधिकारी, कोरोना।