अंबाला सिटी। स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों नोडल अधिकारियों के खिलाफ एसीएस को मिली अज्ञात शिकायत झूठी मिली। डिप्टी अधिकारियों ने कमेटी को लिखित में दिया कि उन्होंने इस बारे में कोई शिकायत नहीं की और न ही उन्हें कोई दिक्कत है।
अभी एक महिला अधिकारी का जवाब आना शेष है। इसके बाद रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय की तरफ से निदेशालय में महानिदेशक स्वास्थ्य को भेजी जाएगी। इसके बाद निदेशालय आगामी कार्यवाही करेगा। कई दिनों से चर्चित अब यह मामला शांत हो गया है। वहीं, नोडल अधिकारियों को भी राहत मिली है।
यह था मामला
बीते वर्ष स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सुखप्रीत सिंह, डॉ. हितार्थ और डॉ. विपिन भंडारी के खिलाफ अज्ञात डिप्टी सीएमओ की ओर से काम प्रभावित करने के आरोप लगाने की शिकायत दी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उक्त चिकित्सक जूनियर पदों पर होकर भी कार्यों को प्रभावित करते हैं। जबकि डिप्टी सिविल सर्जन को कोई भी कार्य ढंग से करने नहीं दिया जाता। हालांकि इस पत्र में अन्य अधिकारियों के भी हस्ताक्षर हैं। मगर किसी भी हस्ताक्षर की पुष्टि नहीं हो पाई थी।
जांच कमेटी ने मांगे थे जवाब
इस शिकायत पर कार्रवाई के लिए सीएमओ कार्यालय भेजा गया था। एक जांच कमेटी बनाई गई थी। जांच कमेटी की ओर से डिप्टी सीएमओ डॉ. नीलम कुश्वाह, डॉ. कुलविंद्र कौर, डॉ. राजेंद्र रॉय, डॉ. संजीव गोयल, डॉ. पवन, डॉ सीमा, डॉ. बलजिंद्र कौर और डॉ. बलविंद्र से इस संबंध में अपना जवाब मांगा गया था। अब सभी डिप्टी ने अपने जवाब में कहा है कि उन्होंने यह शिकायत नहीं की है। ऐसे में अब यह शिकायत झूठी साबित हो गई है।
वर्जन
एक महिला डिप्टी को छोड़कर अन्य ने अपने जवाब दे दिये हैं। जिसमें लिखा गया है की उन्होंने शिकायत नहीं दी है। वीरवार को महिला डिप्टी के जवाब को जोड़कर रिपोर्ट निदेशालय भेज दी जायेगी।
-डॉ. राकेश सहल, सीएमओ, अंबाला।