अंबाला सिटी। सोमवार को इस्कॉन कुरुक्षेत्र की तत्वावधान में इस्कॉन प्रचार समिति शहर की ओर से रेलवे रोड स्थित हनुमान मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। इस्कॉन प्रचार समिति शहर के चेयरमैन विभोर गोयल ने बताया कि भगवान जगन्नाथ जी की सुंदर पालकी सजाने का कार्यक्रम सुबह करीब नौ बजे प्रारंभ किया गया था। समिति के सदस्यों ने भगवान जगन्नाथ जी की सुंदर भव्य पालकी सजाकर तैयार की। वहीं, भगवान जगन्नाथ जी के सुंदर स्वरूपों को खूबसूरती से सजाया गया।
भगवान जगन्नाथ जी की यात्रा से पूर्व करीब चार बजे भजन मंडलियों ने प्रभु की महिमा का गुणगान किया। हरे रामा हरे कृष्णा की सुंदर भजनों व धुनों पर भक्त मंत्रमुग्ध होकर झूमते दिखाई दिए। अनुभवी कलाकारों ने भगवान के विभिन्न स्वरूपों की वेशभूषाओं में सजकर कला का प्रदर्शन किया। शाम करीब पांच बजे भक्तों की भीड़ रेलवे रोड हनुमान मंदिर के सामने भगवान जगन्नाथ जी की पालकी पर उमड़ने लगी। रथयात्रा से पूर्व इस्कॉन प्रचार समिति के अध्यक्ष साक्षी गोपाल दास महाराज के सानिध्य में भक्तों ने विधिवत तरीके से भगवान जगन्नाथ जी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सिटी के विधायक असीम गोयल ने पहुंचकर भगवान जगन्नाथ जी से आशीर्वाद लिया व रथयात्रा को रवाना किया।
समिति के चेयरमैन विभोर गोयल ने बताया कि रथयात्रा में शहर भर की सभी समाजसेवी व धार्मिक संस्थाओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न बाजारों में फल-दूध, चाय बिस्कुट व शीतल पेयजल आदि के लंगर लगाए गए। यह रथयात्रा हनुमान मंदिर रेलवे रोड से प्रारंभ होकर सिटी के कपड़ा मार्केट, देव समाज कॉलेज रोड, शुक्लकुंड रोड, पुराना सिविल अस्पताल चौक, जगाधरी गेट, आर्य चौक से होते हुए सेक्टर सात स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में पहुंची। यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।