अंबाला छावनी में सेवा समिति चौक पर खोखे के लिए रखे सामान को हटवाते नप अधिकारी। संवाद
अंबाला। ट्विनसिटी में अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ नगर परिषद अंबाला सदर सहित नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कड़ी में शुक्रवार को अंबाला छावनी में सेवा समिति स्कूल के पास नवनिर्मित सड़क पर खोखे बनाने के लिए रखे गए टीन व अन्य सामान को नगर परिषद ने हटवाया, वहीं नगर निगम ने अग्रसेन चौक के पास सड़क पर लगी रेहड़ियों को पीछे कराया और चेतावनी दी कि अगर दोबारा से सड़क पर अतिक्रमण किया गया तो फिर सामान को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि सूचना के आधार पर आज वह सेवा समिति चौक के पास पहुंचे थे, यहां कुछ लोग लोहे के एंगल व टीन रखकर खोखा बनाने की कोशिश कर रहे थे, जब उनसे नगर परिषद द्वारा जारी किए आदेश की कॉपी मांगी गई तो लोग मंत्री का हवाला देने लगे, हालांकि मौके पर स्थिति को संभालते हुए सामान को हटवा दिया गया और चेतावनी दी गई कि बिना नगर परिषद की इजाजत के सड़क पर कोई भी अतिक्रमण नहीं करेगा, अन्यथा उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा।
गंदगी साफ कराई
इस दौरान अंबाला छावनी बस अड्डे सहित बाजार में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेहड़ी व दुकानों के आगे बिखरी गंदगी को उठवाया गया, साथ ही दुकानदारों को साफ-सफाई रखने की चेतावनी भी दी गई कि अगली बार उनका चालान किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें दुकानों व रेहड़ियों पर डस्टबिन रखने के निर्देश भी दिए गए।