फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दादा-दादी से मिलने की चाह में घर से भागा बच्चा शताब्दी में हुआ सवार, चाइल्ड टीम ने किया रेस्क्यू

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। बिहार में रहने वाले दादा-दादी से मिलने की चाहत ने 10 वर्षीय बच्चे को घर से भागने पर मजबूर कर दिया। शनिवार सुबह बच्चा मनीमाजरा स्थित घर से चुपचाप निकल गया और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंच गया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए बच्चा चंडीगढ़ शताब्दी में सवार हो गया। लेकिन शताब्दी में तैनात आरपीएफ टीम ने बच्चे को संरक्षण में लेकर इसकी जानकारी रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर दी। शताब्दी के अंबाला पहुंचते ही बच्चे को रेलवे चाइल्ड टीम ने रेस्क्यू किया।
विज्ञापन

छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर रेलवे चाइल्ड कार्यालय में टीम सदस्य सुनीता व पवन ने काउंसिलिंग की और कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों की जानकारी हासिल की। बच्चे ने बताया कि वह मनीमाजरा स्थित सरकारी स्कूल की कक्षा 5 में पढ़ता है। उसके पिता चाय की दुकान चलाते हैं। घर में मां के अलावा दो छोटे भाई-बहन हैं। वह अपने दादा-दादी से बहुत प्यार करता है। वह उनसे मिलने के लिए गांव जाना चाहता था। वह पापा-मम्मी को कई बार बोल चुका था, लेकिन वह हर बार झूठा आश्वासन देते थे। इसलिए उसने घर से भागकर उनके पास जाने का प्लान बनाया। टीम सदस्य ने बताया कि शताब्दी में तैनात स्टॉफ एचसी मनोज व अनिल कुमार ने उन्हें बच्चा सौंपा था। सूचना मिलते ही बच्चे के पिता साहिब गुप्ता रेलवे चाइल्ड कार्यालय पहुंच गए। दस्तावेज चैक करने के बाद बच्चे को सुरक्षित पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चे को सकुशल पाकर पिता ने टीम सदस्यों का आभार प्रकट किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें