लखनौर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकते सीएम नायब सिंह सैनी। सूचना विभाग
अंबाला सिटी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुद्वारा लखनौर साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुद्वारा लखनौर साहिब जोकि गुरु गोबिंद सिंह का ननिहाल है। उनकी व उनकी माता गुजर कौर की भी यादें भी इस गुरुद्वारा में संजोकर रखी हुई हैं। इस मौके पर उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल नन्यौला, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा व कमेटी के सदस्य के साथ-साथ श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी विशेष तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान पहुंचे सभी अतिथियों का सिरोपा व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम अपने गुरुओं की बहादुरी, पराक्रम, कुर्बानियों व बलिदानों को याद करते हैं तो वह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह व उनके परिजनों का इतिहास व पराक्रम हम सबको प्रेरणा दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह पवित्र भूमि माता गुजर कौर की है। जिनकी पीढि़यों ने धर्म, कौम व समाज के लिए कुर्बानियां दी हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता, वहीं, मुख्यमंत्री लखनौर साहिब गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा के घर पर पहुंचे और वहां पर उन्होंने परिजनों से मिलकर उनका कुशलक्षेम भी पूछा।