कैबिनेट मंत्री अनिल विज बोले- वर्ष 2047 में विकसित भारत बनाना हर नागरिक का संकल्प
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। पुलिस लाइन में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा आयोजित हुई। इस दौरान वंदे मातरम के नारे गूंजे। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज उपस्थित रहे। मंत्री अनिल विज ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश से कांग्रेस की स्कैम वाली सरकार को हटाकर भाजपा की सेवा वाली सरकार स्थापित की है, जिसके लिए पूरा देश उनका आभारी है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि हम सबका साझा संकल्प है।
मंत्री विज ने कहा कि वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से लगातार 25 वर्षों से वे देश सेवा में समर्पित हैं। सेवा-संकल्प का अर्थ हर नागरिक द्वारा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय करना है। प्रधानमंत्री ने हमेशा मैं की बजाय हम की भावना को प्राथमिकता दी है, जिसमें देश की सवा सौ करोड़ जनता शामिल है। उन्होंने आह्वान किया कि सरकार अपने स्तर पर काम कर रही है, लेकिन विकसित भारत के उच्चतम लक्ष्यों को पाने के लिए हर नागरिक को सेवा कार्यों से जुड़ना होगा।
-
प्रधानमंत्री का संबोधन सुना
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज, पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल और अन्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। इसके बाद मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा की शुरुआत की गई। ऊर्जा मंत्री ने वंदे मातरम के नारे लगाकर रैली और कार्यकर्ताओं में जोश का संचार किया। पुलिस लाइन से शुरू हुई यह यात्रा ओल्ड सेशन कोर्ट तक पहुंची, जहां ज्योति स्थापित की गई। इस यात्रा का उद्देश्य दीए से दीया जलाकर समाज और देश के हर कोने से अंधकार मिटाना है। इस अवसर पर छावनी से भाजपा कार्यकर्ता 42 बसों के काफिले के साथ पहुंचे। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल, पूर्व विधायक पवन सैनी, नगर निगम मेयर अक्षिता सैनी, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, जिलाध्यक्ष मनदीप राणा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।