मुलाना। बारिश के बाद फर्नीचर के शोरूम में बनी बेसमेंट में जलभराव से शोरूम संचालक को ढाई लाख का नुकसान हो गया। इससे परेशान होकर संचालक ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते उन्हें बचा लिया, नहीं तो बड़ी घटना हो सकता था।
दुकानदार सुमेर चंद उर्फ काका धीमान ने पंचायत और स्थानीय प्रशासन पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि नाले का पानी उसके शोरूम के बेसमेंट में भर गया है, जिससे लाखों का सामान खराब हो गया है। उन्हें इससे करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कई बार पंचायत को सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। टेंट हाउस के मालिक राजेश गुप्ता ने बताया कि उनके बेसमेंट में भी नाले का पानी भर गया है। उन्होंने अपने स्तर पर इसे रोकने के प्रबंध किए थे। अन्य लोगों ने भी पंचायत पर आरोप लगाते हुए कहा कि नालों की समय पर सफाई नहीं की जाती, पानी की निकासी की कोई स्थाई व्यवस्था नहीं है और उनकी की शिकायतों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। संवाद