संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर डीएवी स्कूल से लेकर एसडी कॉलेज के बीच सुंदरता को चार चांद लगेंगे। एक ओर जहां एनएचएआई की तरफ से हाईवे पर डिवाइडरों किनारे व रोड पर सफेद पट्टी बनाई जा रही है वहीं इस एरिया के बीच सेना अपने क्षेत्र में भी हाईवे किनारे गार्डन भी तैयार कर रही है। इस गार्डन में किसी को जाने की अनुमति नहीं होगी।
बसेना की तरफ से हॉल में एक कार्यालय बनाया गया है और उसके बाहर हाईवे के साथ लंबे समय से बदहाल खाली जगह पर गार्डन तैयार किया जा रहा है। जो सेना की जमीन में ही आता है। इसमें पौधे लगाए गए है और उनका रखरखाव भी सेना की तरफ से किया जा रहा है। इसमें खास बात यह रहेगी कि इस एरिया में गार्डन के बीच जो भी सालों पुराने पेड़ है उन्हें काटने की जगह उनका रखरखाव किया जा रहा है।
बाकायदा इस गार्डन का नजारा हाईवे पर गुजरने वाले लोग उठा सके, इसको लेकर जालीदार फैंसिंग व जाली लगाई गई है। केवल इसे दूर से देखा जा सकेगा। बता दें कि सेना कार्यालय से पहले यहां पर खाली मैदान था और हाईवे किनारे लगे पेड़ों के बीच से नाला गुजरता था और जगह-जगह गड्ढे थे। अब उस जगह पर गार्डन दिखाई देगा।
महेश नगर गोविंद नगर चौक के निकट सेना के एक यूनिट कार्यालय के बाहर लंबे समय से कूड़े का डंपिंग प्वाइंट बना हुआ था। आसपास के लोगों व दुकानदारों द्वारा कूड़ा गिराया जाता था। कई बार नगर परिषद ने कार्रवाई की थी लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ था।
ऐसे में सेना पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए न केवल हाईवे किनारे सेना की जमीन पर चेतावनी बोर्ड लगा दिए थे ताकि कोई कूड़ा न गिराए। साथ ही स्थानीय दुकानदारों का भी डाटा जुटाकर उन्हें चेताया गया था। ऐसे में हाईवे किनारे कूड़े के ढेर से उससे होने वाली गंदगी से भी छुटकारा मिला है।