अंबाला। खुड्डा कलां स्थित कमल इंडस्ट्रीज में रहने वाले दो मजदूरों में 28 मई की देररात शराब पीने के दौरान कहासुनी हो गई। देखते ही देखते ये हाथापाई में बदल गई। इसके बाद एक मजदूर ने दूसरे की पीट-पीट कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद साथी मजदूर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय बिहार के गांव रमदौली निवासी निखिल के रूप में हुई। बताया जाता है कि 29 मई की सुबह जैसे ही मुंशी कर्मचारी के न आने पर उसे बुलाने आया तो बेसुध पड़ा देखकर इलाका पुलिस को सूचित किया। मृतक के भाई संजीव की शिकायत पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के गोविंद हलदर निवासी सूरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू दी। पुलिस ने मुताबिक हत्या के लिए किसी तेजधार हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ है। मृतक के शरीर पर ज्यादातर अंदरूनी चोटें है। शव के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में शव को रखवा दिया गया है। मंगलवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई संजीव कुमार ने बताया कि वह जटवाड़ स्थित कंसल इंडस्ट्रीज में काम करता है। उसका 19 साल का सगा भाई निखिल खुड्डा कलां की कमल इंडस्ट्रीज में करीब 3 साल से लेबर का काम कर रहा था। सोमवार को उसे पता चला कि निखिल की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई तो पता चला कि रविवार रात निखिल व उसके दोस्त पश्चिम बंगाल निवासी सूरज ने पहले शराब पी उसके बाद खाना खाया। रात करीब 9 बजे सूरज ने निखिल के साथ झगड़ा किया। झगड़े के दौरान सूरज ने निखिल की छाती, गले, मुंह, सिर व अन्य जगहों पर गंभीर चोटें मारी। वारदात के बाद सूरज मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटें लगने के कारण निखिल की मौके पर मौत हो गई। बताया जाता है कि निखिल की पिछले साल ही शादी हुई थी।
-
मजदूर के शव का मंगलवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट पोस्टमार्टम करेंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। मृतक के फरार चल रहे साथी सूरज पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
रामपाल, इंस्पेक्टर, महेश नगर थाना प्रभारी
-