सरयु-यमुना एक्सप्रेस से महिला के गहने चोरी करने वाला आरोपी आर्यन। संवाद
अंबाला। सरयू-युमना एक्सप्रेस से चोरी करने वाले हिसार निवासी आर्यन से गहनों की रिकवरी नहीं हो पाई, हालांकि उसने कुछ अन्य सहयोगियों की जानकारी जीआरपी को दी है, जिसे उसने गहने दिए थे।
रविवार आर्यन को पुन: सेशन कोर्ट में सीजेएम अभिनव गर्ग के समक्ष पेश किया गया, लेकिन इस बार जीआरपी को आरोपी का रिमांड नहीं मिला और कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए। हिसार में भी दर्ज मुकदमा : अंबाला जीआरपी द्वारा पकड़ा गया आरोपी आर्यन शातिर चोर है। उसके खिलाफ पहले भी हिसार जीआरपी थाने में ट्रेन से गहने चोरी करने का मामला दर्ज है। आरोपी की शिनाख्त पर जीआरपी ने शुक्रवार से लेकर शनिवार रात तक हांसी, हिसार, रोहतक और जींद के कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन चोरी के गहने खरीदने वाले आरोपी पकड़ में नहीं आए।
यह था मामला : घटना दो जून की है। इस संबंध में 9 जून को अंबाला छावनी के जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया था। पंजाब की मोहाली निवासी रीता झा की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई थी। रीता झा ने बताया था कि दो जून को वह अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आई थी और उन्हें अमृतसर से जयनगर जाने वाली ट्रेन नंबर 14650 सरयू-युमना एक्सप्रेस में सवार होना था। ट्रेन जब प्लेटफार्म पर आई और वह ट्रेन में सवार होने लगी तो इस दौरान किसी अज्ञात ने उनका पर्स काटकर सोने का एक सेट हाथ के कंगन, एक सेट कान की बालियां और दो अंगूठियां निकाल लीं। संवाद