- बराड़ा में दो किलो विस्फोट सामग्री सहित काबू तीन युवकों को सात दिन के रिमांड पर लिया
- अंबाला पहुंची एनआईए की टीम ने भी आरोपियों से की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बराड़ा में दो किलो विस्फोट सामग्री सहित काबू तीन युवकों को सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। तीनों युवकों के तार पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़े हो सकते हैं। सिग्नल एप के जरिए इनका संपर्क होने की बात सामने आ रही है। आरोपी अंबाला सहित दूसरे शहरों के थानों को निशाना बनाने की फिराक में थे। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं की गई है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए की टीम ने अंबाला पहुंचकर संदिग्धों से लंबी पूछताछ की। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि आखिर इस मॉड्यूल का नेटवर्क कितना गहरा है और इनके निशाने पर कौन-कौन से थाने थे।
चौथे आरोपी का नाम आया सामने
प्रारंभिक पूछताछ में एक और यानी चौथे संदिग्ध का नाम भी सामने आया है। रिमांड के दौरान आरोपियों को निशानदेही करवाने के साथ-साथ बरामद किए 1 किलो 975 ग्राम विस्फोटक के डेटोनेटर की चिप भी बरामद करनी है। सोशल मीडिया पर संपर्क करने के बाद अंबाला के कंबासी गांव निवासी जंगवीर, मेरठ निवासी अनस व अजमेर निवासी अली अकबर को शहजाद भट्टी द्वारा सिग्नल एप के जरिये जोड़ने की बात कही जा रही है। उसके इशारे पर ही तीनों आरोपियों को विस्फोटक से भरा बैग चौथे आरोपी को देना था। उससे पहले ही अंबाला एसटीएफ ने पंजाब पुलिस के इनपुट पर आरोपियों को काबू कर लिया। यह बात भी सामने आई है कि शहजाद भट्टी के कहने पर ही तीनों युवकों ने फरीदकोट, लुधियाना, फाजिल्का, भठिंडा सहित कई शहरों की लोकेशन शेयर की थी। इन काम के बदले प्रत्येक व्यक्ति को 50-60 हजार रुपये दिए जाने की बात कही गई थी। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर उन्हें यह राशि मिली है कि नहीं। इसको लेकर पुलिस की टीमें आरोपियों के बैंक खातों को भी खंगालेगी। पकड़े गए आरोपियों में से मेरठ निवासी अनस सब्जी की रेहड़ी लगाता था। जबकि अली अकबर बेरोजगार था।
10 जनवरी को बलदेव नगर थाने में किया था धमाके का प्रयास
इन तीनों की गिरफ्तारी के बाद 10 जनवरी को बलदेव नगर थाने में हुए धमाके के प्रयास के मामले के तार भी इस साजिश से जुड़ रहे हैं। उस समय भी सिग्नल एप के जरिये ही सारी प्लानिंग हुई थी। उसी मामले की गहराई से जांच में पंजाब पुलिस की ओर से मिली पुख्ता लीड के बाद अंबाला एसटीएफ ने बराड़ा क्षेत्र से इन्हें बाइक सहित काबू किया था। इसके साथ ही पंजाब पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मालेरकोटला में पकड़े गए शहजाद भट्टी से जुड़े तीन युवकों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फरहान अंजुम, अदनान खान उर्फ नानू, वारिस अली के रूप में हुई थी। वो भी इसी तरह से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देन की फिराक में थे।
- तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। पता लगाया जा रहा है कि यह विस्फोटक कहां से लाया गया है।
अजीत सिंह शेखावत,
एसपी अंबाला