अंबाला। रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की हत्या करने वाले और दूसरे को घायल करने वाले गिरोह के तीनों सदस्य पुराने अपराधी हैं। इनके खिलाफ कीरतपुर साहिब सहित अन्य थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के तीनों सदस्यों रमनदीप, रणजीत कुमार और जीत सिंह कुख्यात अपराधी हैं। रिमांड के दौरान उन्होंने तीन हत्याओं समेत दर्जनों चोरियों और लूटपाट वारदातों को अजाम देने की बात स्वीकारी। उनके द्वारा कबूली गई हत्या की वारदातें पंजाब और हिमाचल से संबंधित हैं।
अंबाला कैट जीआरपी की टीम ने प्रभारी धर्मवीर सिंह की अगुवाई में रिमांड के दौरान चार दिन तक आरोपियों के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी और हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू, चोरी किए मोबाइल, तेजधार हथियार सहित खून से सने हुए कपड़े भी बरामद किए। बरामद हथियार और अन्य सभी चीजें सबूत के तौर पर कोर्ट में पेश किए जाएंगे। आरोपियों का रिमांड शनिवार को खत्म हो जाएगा और उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। अब आगामी मामलों में तफ्तीश को लेकर पंजाब व हिमाचल की पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेगी और इसकी तैयारी दोनों राज्यों की पुलिस ने पहले ही कर ली है। गौरतलब है कि आनंदपुर साहिब जिला रोपड़ के नजदीक अलग-अलग गांव में रहने वाले रमनदीप सिंह, रणजीत सिंह व जीत सिंह ने गिरोह बनाया और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देना शुरु किया। चार दिसंबर की रात को भी गिरोह ने बिहार से काम की तलाश में अंबाला आए प्रशांत की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।
इस दौरान तीनों ने चंडीगढ़ से आए सरकारी कर्मचारी गुलशन पर भी चाकू से वार किया और वीडियो भी बनाई थी। जीआरपी, सीआईए व सीआईबी की टीमों ने मोबाइल सर्विलेंस की मदद से तीनों आरोपियों को कुराली से काबू किया था और इस संबंध में दो अलग-अलग मामले अंबाला कैंट के जीआरपी थाने में दर्ज किए गए थे।