प्रॉपर्टी बाजार में निवेश के नाम पर की धोखाधड़ी, छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। प्रॉपर्टी बाजार में निवेश के नाम पर अंबाला सिटी के एक कपड़ा व्यापारी से 1.22 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपियों ने धोखाधड़ी के लिए व्यापारी को सौदा होते ही प्रति एकड़ 32 लाख रुपये के मुनाफे का लालच दिया। पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी मनोज कुमार, अमनदीप सिंह और जमीन मालिक ज्ञान चंद ने मिलकर यह ठगी की।
ठरवा गांव (रायपुर रानी) की जमीन का सौदा 2.51 करोड़ रुपये प्रति एकड़ में तय कराने के कुछ ही दिनों बाद आरोपी मनोज और अमनदीप पीड़ित व्यापारी गौरव चिटकारा के घर दो अनजान लोगों को लेकर पहुंचे। इन दोनों को दिल्ली के बड़े खरीदार नेगी और उनके मैनेजर मनमोहन सिंह के रूप में पेश किया गया। कथित दिल्ली के खरीदारों ने पीड़ित के सामने ही उसी जमीन का सौदा तुरंत 2.83 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर से तय कर लिया।
उन्होंने रजिस्ट्री से पहले ही पूरा भुगतान करने का दावा किया, जिससे व्यापारी को लगा कि उसका निवेश पूरी तरह सुरक्षित है और उसे बिना किसी जोखिम के प्रति एकड़ 32 लाख रुपये का सीधा मुनाफा मिल जाएगा। व्यापारी का भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने सौदे में खुद 34 प्रतिशत रकम यानी लगभग 34 लाख रुपये निवेश करने का दावा किया। आरोपी मनोज कुमार ने अपनी हिस्सेदारी की यह रकम केवल एक रसीद और इकरारनामे पर दर्ज करवाई। हालांकि, पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जमीन मालिक ज्ञान चंद को मनोज द्वारा कोई भी नकद भुगतान नहीं किया गया था। यह सिर्फ पीड़ित परिवार का विश्वास जीतने और पूरे सौदे का वित्तीय बोझ उनके कंधों पर डालने की एक सोची-समझी चाल थी।
-
बिना तकसीम फ्रंट की जमीन बेचने का झूठा दावा
ठगी का दूसरा बड़ा पहलू सड़क किनारे की मुख्य जमीन को लेकर बोला गया झूठ था। आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास दिलाया था कि कुल 23 कनाल 5 मरले जमीन में से मुख्य 1 एकड़ का फ्रंट व्यापारी के नाम करवाया जाएगा। जब रजिस्ट्री की तारीख आगे बढ़ने पर व्यापारी को शक हुआ और उसने हल्का पटवारी से राजस्व रिकॉर्ड की जांच करवाई, तो सनसनीखेज खुलासा हुआ। रिकॉर्ड से पता चला कि जमीन का कोई आधिकारिक विभाजन यानी तकसीम हुआ ही नहीं था और मौके पर जमीन मालिक ज्ञान चंद का सड़क के फ्रंट पर 1 एकड़ हिस्सा बनता ही नहीं था। पड़ताल में यह भी सामने आया कि जिस जमीन का सौदा 2.51 करोड़ रुपये प्रति एकड़ में कराया गया था, उसकी वास्तविक बाजार कीमत 1 करोड़ रुपये प्रति एकड़ से अधिक नहीं थी। थाना सेक्टर-9 के जांच अधिकारी उप-निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छह नामजद आरोपियों मनोज कुमार, अमनदीप सिंह, नेगी, मनमोहन सिंह, ज्ञान चंद और उसके बेटे नरेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।