संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर बूम बैरियर की निविदा वीरवार को जारी होगी। आंधे घंटे के अंतराल में निविदा को भरना ठेकेदारों के लिए अनिवार्य होगा। इसके बाद ऑनलाइन निविदा को बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान जो भी निविदा तय मानकों अनुसार आएगी,उसका आकलन करके ठेका जारी कर दिया जाएगा। यह ठेका पांच साल के लिए लगभग दो करोड़ की लागत से जारी किया जाएगा।
वाहन चालकों को राहत की उम्मीद
नए ठेके में रेलवे ने कुछ पुरानी खामियों को दूर करने के नियम भी शामिल किए हैं। इसमें सबसे बड़ी सुविधा पिक एंड ड्रॉप के तहत लिए जाने वाले शुल्क को लेकर है। इसके लिए समय अवधि में बदलाव किया जाएगा जोकि मौजूदा समय में 10 मिनट तक निशुल्क है, इसके कुछ और बढ़ाया जा सकता है, वहीं 250 रुपये शुल्क की जगह इसे आधा किया जा सकता है। इसके अलावा वाहनों के रेट में भी कुछ संशोधन किया जा सकता है।
दोपहिया वाहनों के अनिवार्य होंगे पास
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आने वाले दोपहिया वाहनों से भी शुल्क वसूला जाएगा और रेल कर्मचारियों के पास बनाए जाएंगे, अगर कर्मचारी किसी प्रकार की आनाकानी करेगा तो उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। इस नियम को भी नई निविदा में शामिल किया गया है। ऐसे में रेल कर्मचारियों और ठेकेदार के बीच होने वाले विवाद पर भी लगाम लग जाएगी। इसके अलावा अन्य वाहनों के भी पास से संबंधित रेट जारी किए जाएंगे ताकि स्टेशन पर आने वाले वाहन चालकों को राहत मिले।
अक्तूबर में छोड़ा था ठेका
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर बूम बैरियर की सुविधा अप्रैल माह में शुरु की गई थी। लेकिन छह माह में ही इस सुविधा पर ग्रहण लग गया। 10 अक्तूबर को बूम बैरियर के पुराने ठेकेदार ने घाटे का हवाला देकर काम बंद कर दिया था। इसके बाद 12 दिन तक रेलवे स्टेशन पर वाहन खड़ा करने की सुविधा निशुल्क दी गई और वो भी वाहन चालक के अपने रिस्क पर। ऐसे में नई निविदा के जारी होने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी, वहीं स्टेशन से वाहनों के चोरी होने का सिलसिला भी थम जाएगा।
बूम बैरियर की निविदा से जुड़ी प्रक्रिया वीरवार को पूरी की जाएगी और इस कार्य के सिरे चढ़ते ही बूूम बैरियर की सुविधा रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध करवा दी जाएगी ताकि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को राहत मिले। इसमें दो से चार दिन का समय लग जाएगा ताकि ठेकेदार अपना सामान स्थापित कर सके।
एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।