जिले में कोरोना की मार बरकरार है। सोमवार को 10 नए संक्रमित मरीज मिले। इनमें आईजी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी की पत्नी और पीएनबी छावनी मेन ब्रांच में पहले संक्रमित पाई गई महिला कर्मचारी का सहयोगी भी संक्रमित पाया गया है। अब जिले में 283 कोरोना संक्रमित मरीज हो गए हैं। हालांकि राहत भरी खबर यह भी है कि इनमें से 160 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। मंगलवार को 264 सैंपल की रिपोर्ट आएगी। इसके बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
यह आए नए मामले: आईजी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी के बाद अब उसकी 31 वर्षीय पत्नी भी संक्रमित मिली है। वहीं पहले से संक्रमित बैंक कर्मी का दूसरा साथी भी संक्रमित मिला है। यह रामनगर का रहने वाला है। दूसरी तरफ बकरा मार्केट अंबाला शहर का रहने वाला 51 वर्षीय पुरूष संक्रमित पाया गया है यह मरीज डायलिसिस का मरीज है। वहीं 41 वर्षीय महिला राम बाग रोड अंबाला कैंट की रहने वाली है जोकि संक्रमित पाई गई है यह महिला दिल्ली से आई थी। वहीं शिव प्रताप नगर का 24 वर्षीय युवक भी संक्रमित पाया गया है। यह पहले से संक्रमित के संपर्क में था। 38 वर्षीय महिला जोकि बोह की रहने वाली है दिल्ली से आई थी अब संक्रमित पाई गई है। इस तरह सुभाष कालोनी में दो दिन पहले संक्रमित पाई गई गर्भवती की 45 वर्षीय सास भी संक्रमित निकली है।
सर्वे के दौरान मिले थे लक्षण : 32 वर्षीय व्यक्ति जोकि अंबाला शहर नाहन हाउस का रहने वाला है को सर्वे के दौरान लक्षण मिले थे। इसके बाद टीम ने इसके सैंपल भर लिए थे। इस सैंपल की रिपोर्ट में यह व्यक्ति संक्रमित मिला है। इसी तरह दिल्ली से आया 36 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है जोकि आजाद नगर अंबाला छावनी का रहने वाला है।
सैलून में काम करने वाले व्यक्ति का भतीजा भी पॉजिटिव: भालमाजरा का 30 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव के बाद उसका 14 वर्षीय भतीजा भी पॉजिटिव पाया गया है अब कस्बे में संक्रमितों की संख्या 28 हो गई है। गांव भालमाजरा का 30 वर्षीय युवक जो नारायणगढ़ विश्वकर्मा चौक के पास बिजली बोर्ड रोड पर सलून में काम करता था। जिसके पास गांव सैनमाजरा का 32 वर्षीय युवक जो कोरोना पॉजिटिव होने पर वह इसके पास बाल कटवा गया था। इसी से सैलून का काम करने वाला युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके पास कभी कभी काम करने वाला इसका भतीजा भी संक्रमित हो गया।