अंबाला। नारायणगढ़ की कृष्णा कॉलोनी के एक रिहायशी मकान में भ्रूण लिंग जांच करते पकड़े तीनों आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार कोर्ट में पेश किया। महिला नीलम सहित निर्मल और गुरमेल सिंह को जेल भेज दिया। जबकि छापामारी के दौरान मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और 30 हजार की नकदी लेकर फरार मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम की गिरफ्तारी के पुलिस की टीमें गठित हो गई हैं।
उसे घरों और अन्य ठिकानों पर पुलिस छापामारी कर रही है, जिससे कि जल्द ही उसे काबू किया जा सके। बता दें कि नारायणगढ़ में कुरुक्षेत्र और अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो व्यक्ति को काबू कर लिया था। मकान में एक अल्ट्रासाउंड की एक पोर्टेबल मशीन के सहारे यह काम चल रहा था। एक डिकोय महिला ग्राहक से करीब 30 हजार रुपये लेने के बाद भ्रूण लिंग जांच कर उसे लड़का होने की बात कहीं थी। नारायणगढ़ पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गौरव ने बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम की गिरफ्तारी के टीमें गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।