अंबाला कैंट। उप आबकारी एवं कराधान विभाग के एडवोकेट की ओर से फर्जी खाते खोलकर की गई ठगी के बाद विभाग ने करीब 34 लाख रुपये रिकवर करने का दावा किया है।
इस मामले में उपआबकारी एवं कराधान आयुक्त रविंदर कौशिक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में अभी जांच जारी है। विभाग के उप कार्यालय अंबाला शहर में एडवोकेट विनोद मित्तल ने असैसिंग अथॉरिटी के नाम से ओबीसी बैंक में फर्जी खाता खुलवाया।
इसके अलावा उन्होंने दूसरा खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया नारायणगढ़ में खुलवाया। और वहां पर वह अपने संबंधित मुवक्किलों के ड्राफ्ट/चेक लेकर स्वयं ही जमा करवाकर पैसे निकालता रहा। इस खाते में करीब 34 लाख रुपये की राशि है। इसके अलावा कारपोरेशन बैंक नारायणगढ़ में भी इसी तरह का खाता खोला गया।
इसमें 80 लाख के ड्राफ्ट जो विभाग ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अंबाला शहर में जमा करवाने भेजे थे। उन्हें कारपोरेशन बैंक में जमा करवाकर पैसे निकलवा लिए गए। इस कार्य में कोताही बरतने के लिए क्लर्क सौरभ को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा एक रिटायर्ड कर निरीक्षक की पेंशन रोकने की भी सिफारिश की गई है।