अंबाला सिटी। शहर के पुलिस लाइन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में जिला स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन व क्विज प्रतियोगिता करवाई गई। जिसका आयोजन जिला शिक्षा विभाग ने किया। इस मौके पर प्रतियोगिता को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने निरीक्षण किया। उनके साथ स्कूल प्रधानाचार्य गुरिंद्र सिंह गिल भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज, जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से स्टेनो हरीश कुमार ने सहयोग किया।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि प्रतियोगिता में राजकीय और निजी स्कूलों के कक्षा 9वीं से 12वीं के करीब 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने पांच विषयों पर निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागिता की। इस प्रतियोगिता में पांच विद्यार्थी सीबीएसई बोर्ड और पांच हरियाणा बोर्ड के चयनित किए जाएंगे। यह विजेता विद्यार्थी जोनल स्तर पर होने वाले प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद राज्य स्तर पर विजेता प्रतिभागी भाग लेंगे।
स्कूल स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को प्रशंसापत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर प्रथम विजेता को 10 हजार, द्वितीय को आठ हजार और तृतीय विजेता को छह हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। साथ ही 10 विद्यार्थियों को 3-3 हजार का सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा। यह प्रतियोगिता प्रदेश भर में 31 अगस्त तक पूरी की जानी है।