यमुनानगर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के गांव खिजरी के जंगल के पास कार की टक्कर से गंभीर घायल हुए टेलर जरनैल सिंह की आठ दिन बाद पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक ने इलाज का खर्च उठाने की बात कही थी।
इस कारण परिवार ने उस समय पुलिस को शिकायत नहीं दी। बाद में चालक के खर्च उठाने से इनकार करने पर मृतक के चाचा ने पुलिस को शिकायत दी। मृतक के चाचा गांव खिजरी निवासी रामजी लाल ने बताया कि जरनैल सिंह गांव में टेलर का काम करता था और उसके दो बच्चे हैं। आठ दिन पहले वह बाइक से खिजराबाद बाजार गया था।
लौटते समय वह गांव खिजरी की ओर जा रहा था। जंगल के पास सामने से तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जरनैल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर में चोट लगी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। 12 अगस्त को डॉक्टरों ने जरनैल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पीजीआई पहुंची और शव कब्जे में लिया। संवाद