अंबाला सिटी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता अंबाला टीम की संयुक्त टीम ने वीरवार को जिला मत्स्य अधिकारी अंबाला कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड अंबाला के सब डिविजन अभियंता अर्जुन सिंह पंवार बतौर डयूटी मजिस्ट्रेट टीम में शामिल रहे। वहीं निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम में उप निरीक्षक हितेंद्र गौतम, सहायक उप निरीक्षक परविंद्र, सहायक उप निरीक्षक सुखविंद्र, मुख्य सिपाही बलवीर सिंह शामिल थे।
टीम ने हाजिरी रजिस्टर की जांच की तो कार्यालय में कुल 13 कर्मचारी कार्यरत मिले। इनमें से छह नियमित कर्मचारी, पांच एचकेआरएनएल कर्मचारी व 2 एप्रिंटिस पर कार्यरत हैं। इस दौरान सेक्शन ऑफिसर जसवंत लाल सुबह 11.30 बजे कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में हाजिर वरिष्ठ लिपिक राकेश प्रकाश ने निरीक्षण टीम को बताया कि जिला मत्स्य अधिकारी सुमन रानी नोटिफाइड वाटर की नीलामी के संबंध में मत्स्य विभाग निदेशालय पंचकूला गई हुई है। वरिष्ठ लिपिक राकेश प्रकाश ने टीम को बताया कि इस कार्यालय की ओर से प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अधीन आनी वाली 13 योजनाओं में आवेदन करने वाले पात्र व्यक्तियों को सरकार की शर्तों के अनुरूप औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत आवेदनकर्ता को संबंधित स्कीम के अनुसार सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान राशि दी जाती है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत वर्ष 2021-22 में 6 लाभार्थियों व वर्ष 2022-23 में पात्र 11 लाभार्थियों व वर्ष 2023-24 में 30 लाभार्थियों व जो उक्त तीन वर्षों में 47 लाभार्थियों को अनुदान मुताबिक रिपोर्ट दिया जाना पाया गया। वहीं, इस स्कीम के अंतर्गत एक आवेदनकर्ता द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अनुदान के लिए आवेदन किया गया है। आवेदनकर्ता द्वारा इस स्कीम के तहत नियम व शर्तों को पूरा नहीं किया गया। जिस कारण यह आवेदन जिला मत्स्य अधिकारी अंबाला द्वारा 3 जुलाई अस्वीकृत कर दिया गया। उक्त कार्यालय रिपोर्ट अनुसार कार्यालय में सीएम विंडो से संबंधित व अन्य कोई भी शिकायत लंबित होना नहीं पाई गई।