नारायणगढ़। पत्नी से परेशान 36 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। मृतक युवक के परिजनों ने पत्नी पर आत्महत्या करने के आरोप लगाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव चानसौली राजू उर्फ राजकुमार के तौर पर हुई।
मृतक के भाई राकेश कुमार ने थाना नारायणगढ़ में दर्ज कराई अपनी प्राथमिकी में कहा है कि उसका छोटा भाई राजु उर्फ राजकुमार शादीशुदा था। उसके भाई राजू की शादी फरवरी 2018 में करीमता के साथ हुई थी। उसके भाई के पास 8 महीने की एक बच्ची भी है। राकेश कुमार के अनुसार उसके भाई के साथ उसकी पत्नी हमेशा झगड़ा करती रहती थी और भाई को दिमागी तौर पर तंग व परेशान भी करती थी। कई बार रिश्तेदारों के साथ बैठकर पंचायत भी की और पत्नी के भाईयों ने भी उसे समझाया, परंतु वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आई।
थाली में खाना खाने लगा तो पत्नी ने फेंका
आरोप है कि अगस्त को राजू की पत्नी ने थाना नारायणगढ़ में एक शिकायत भी दी थी जो आपसी पंचायत में दोनों का राजीनामा भी लिखकर दे दिया था। रात के समय करीब लगभग 10 बजे जब राजू ने अपनी पत्नी से खाना मांगा तो उसने उसे खाना नहीं दिया। इस पर राजू जब स्वयं थाली में खाना डालकर खाने लगा तो उसकी पत्नी ने थाली को फेंक दिया और उसके साथ लड़ाई झगड़ा करने लगी। राकेश कुमार के अनुसार रविवार सुबह लगभग 5 बजे जानकारी मिली की, उसके भाई राजू ने सरकारी स्कूल में लगे पीपल के पेड़ से लटक कर फांसी लगा ली है। वह परिवार के सदस्यों व गांव वालों के साथ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचित किया।
मृतक के भाई राकेश कुमार की शिकायत पर मृतक की पत्नी करीमता के खिलाफ भादस की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
-अरविंद कुमार, थाना प्रभारी।