अंबाला। बनौंदी स्थित चीनी मिल में गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को छठवें दिन भी जारी रहा। मिल के नए पेराई सत्र का तीसरा दिन होने के बावजूद किसानों की एकजुटता के कारण मिल का यार्ड पूरी तरह खाली पड़ा रहा और एक भी किसान गन्ना लेकर नहीं पहुंचा।
किसान गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग पर अड़े हैं। उनका आरोप है कि मिल प्रबंधन ने अब तक उनकी सुध लेने या वार्ता करने की जहमत नहीं उठाई है।
धरनास्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिला प्रधान मलकीत सिंह, गन्ना संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद राणा और संयुक्त गन्ना समिति के अध्यक्ष धनराज ने सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। तीनों नेताओं ने एक सुर में कहा कि पेराई सत्र शुरू होने के बाद भी यार्ड का खाली रहना किसानों की अटूट एकता का प्रमाण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित नहीं करती, तब तक क्षेत्र का कोई भी किसान मिल को गन्ना आपूर्ति नहीं करेगा।