धन्योड़ी गांव निवासी 26 वर्षीय अनिल कुमार ने संदिग्ध परिस्थितयों में फांसी लगा ली। जब अगले दिन तक उनके घर का दरवाजा नहीं खुला तो गांव वाले इकट्ठा हो गए। इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ते हुए फांसी पर झूल रहे अनिल कुमार को फंदे से उतारा और आगे की कारवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार अनिल को उसके ताऊ सुरेंद्र कुमार ने गोद लिया था। अनिल अपने पीछे दो मासूमों को छोड़ गया। गांव के सरपंच रविकांत ने बताया कि अनिल की शादी को लगभग पांच साल हुए हैं। अनिल काफी समय से अपने ताऊ से भी अलग अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। उन्होंने बताया कि अनिल की पत्नी कुछ दिनों से बच्चों के साथ मायके गई थी। रविवार दोपहर तक उनके घर से कोई नहीं निकला तो गांव वालों को शक हुआ। इस पर उन्होंने तुरंत सूचना मुझे दी। इसके बाद पुलिस को भी सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का दरवाजा तोड़ा तो अनिल का शव फंदे से लटका था। पुलिस ने फंदे से शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।