अंबाला। छावनी स्थित नागरिक अस्पताल के अटल कैंसर केयर सेंटर में चिकित्सकों की टीम 26 वर्षीय युवती के पेट से 9 किलो वजनी गांठ को सफलतापूर्वक निकालकर उसे नई जिंदगी दी है। पिछले करीब 8 महीनों से गंभीर परेशानी झेल रही इस युवती का इलाज कई जगहों पर कराया गया, परंतु कोई राहत नहीं मिली। आखिरकार अटल कैंसर केयर सेंटर की टीम ने जटिल ऑपरेशन को अंजाम देकर मरीज और उसके परिजनों को नई उम्मीद दी।
इस सफल सर्जरी का नेतृत्व सेंटर में ड्यूटी पर तैनात गायनी विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी भूषण ने किया। ऑपरेशन के दौरान उनकी टीम में डॉ. वेद पाठक, स्टाफ नर्स दिव्या, पूजा और लखविंदर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीमवर्क और बेहतर समन्वय के कारण यह जटिल सर्जरी पूरी तरह सफल रही। डॉ. मीनाक्षी भूषण ने बताया कि मरीज अंबाला की रहने वाली है और लंबे समय से पेट में बढ़ती गांठ के कारण असहनीय दर्द, कमजोरी और रोजमर्रा की गतिविधियों में कठिनाई का सामना कर रही थी। समय पर सही इलाज न मिलने की वजह से स्थिति और गंभीर होती जा रही थी। जांच में पता चला कि युवती के पेट में करीब 9 किलो की एक बड़ी गांठ मौजूद है, जिसे हटाना चिकित्सकीय रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने पूरी तैयारी के साथ ऑपरेशन किया और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। डॉक्टर ने कहा कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत अब स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है। आगे कुछ दिनों तक निगरानी में रखकर इलाज जारी रहेगा।
नगर निगम कार्यालय की फोटो।