अंबाला। लॉकडाउन के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे युवकों ने मनाही के बावजूद पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों में एक ने गंडासी से सब इंस्पेक्टर पर वार किया। मगर वह किसी तरह बच गया। अब पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ आदेशों की धज्जियां उड़ाने के साथ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने व जानलेवा हमला करने के आरोप में केस दर्ज किया है। हाउसिंग बोर्ड चौकी में तैनात जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जसविंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे वह हैडकांस्टेबल राजीर सिंह व इरशाद अली के साथ गश्त पर था। कोरोना महामारी से निपटने के लए उसकी ड्यूटी डेहा कॉलोनी चौक पर लगी हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि वे डेहा कॉलेनी मंदिर की तरफ पैदल जा रहे थे तभी गली नंबर दो के बाहर उन्हें गंडासियों के साथ दो-तीन युवक आते दिखाई दिए। आरोपियों ने पुलिस को देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी। जांच अधिकारी ने बताया कि उन्होंने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। तभी एक युवक ने उस पर गंडासी से सीधा वार किया। शोर होने के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। इसका फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। आरोपियों में अकबर उर्फ अन्ना की पुलिस ने पहचान कर ली है।