अंबाला सिटी। एसए जैन सीनियर मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने सरहिंद स्थित माता चक्रेश्वरी देवी मंदिर के वार्षिक उत्सव में गहरी श्रद्धा और उत्साह के साथ शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में दूर-दूर से पहुंचे भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सुंदर नृत्यों, उनके आत्मविश्वास और कलात्मक कौशल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के जरिए छात्र-छात्राओं ने भारत की समृद्ध विरासत, परंपराओं और शाश्वत मूल्यों को बेहद खूबसूरती से दर्शाया। यह उत्सव आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम रहा।