संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जिले के राजकीय स्कूलों के विज्ञान संकाय के विद्यार्थी नई दिल्ली में राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र का भ्रमण करेंगे। यह भ्रमण 10 अक्तूबर को करवाया जाएगा।
शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों से इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस भ्रमण के लिए 10वीं कक्षा में 85 प्रतिशत से ऊपर अंक वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। विभाग की ओर से 11वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। विज्ञान में विद्यार्थियों की रूचि पैदा करने के लिए यह भ्रमण करवाया जाएगा।
हर खंड से पांच विद्यार्थी भ्रमण के लिए जाएंगे : शिक्षा विभाग की ओर से हर खंड से पांच-पांच विद्यार्थियों के आवेदन मांगे गए हैं।
विद्यार्थियों को भ्रमण पर जाने के लिए अभिभावकों की लिखित अनुमति जरूरी होगी। इसके बाद ही विद्यार्थी भ्रमण पर जा सकेंगे। वहीं, विभाग की ओर से सभी खंड से आवेदन मांगे गए हैं। इसमें स्कूल का नाम, पिता का नाम, 10वीं में प्रतिशत अंक, स्कूल का नाम, प्रधानाचार्य मोबाइल नंबर, विद्यार्थी का मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज का फोटो भी लगाना होगा।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि नई दिल्ली में राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र में भ्रमण के लिए सभी खंड से आवेदन मांगे गए हैं। यह भ्रमण 10 अक्तूबर को करवाया जाएगा। प्रत्येक खंड से पांच विद्यार्थियों के नाम मांगे गए हैं। मंगलवार शाम तक स्कूलों के नाम मांगे गए हैं, इसके बाद आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।